हिस्ट्रीशीटर को गोली से उड़ाया
ऊसराहार (इटावा), संवाद सूत्र : पुरानी रंजिश के चलते ग्राम कुरखा में घर पर रात में सोते समय एक हिस्ट्
ऊसराहार (इटावा), संवाद सूत्र : पुरानी रंजिश के चलते ग्राम कुरखा में घर पर रात में सोते समय एक हिस्ट्रीशीटर की हत्या कर दी गई। वह हत्या के एक मामले में एक सप्ताह पहले कोर्ट में तारीख करके आया था। उसकी पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
गांव निवासी 40 वर्षीय दीपचंद्र उर्फ पप्पू बाथम रविवार को अपने घर पर सो रहा था। रात करीब साढ़े 12 बजे कुछ लोग उसके घर पहुंचे और उसेगोली मार दी। दीपचंद्र की पत्नी रूपा देवी ने बताया कि उनका पति धान की फसल काटकर शाम को आया था और घर के छप्पर के नीचे सो रहा था। वह अपनी दो लड़कियों के साथ अंदर कमरे में सो रही थी। तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो वह बाहर निकलीं तो पति दीपचंद्र छटपटा रहे थे। एक व्यक्ति तमंचा लिए खड़ा था। उसे उन्होंने पहचान लिया। पुलिस के मुताबिक रूपा ने बताया कि मूलरूप से सरायचौरी गांव भरथना के रहने वाले उसके पति की सरायचौरी गांव के छोटे दुबे से पुरानी रंजिश है। वह वर्ष 2004 में छोटे दुबे के भाई सहित दो लोगों की हत्या के मामले में नामजद था। तीन साल पहले जेल से छूटकर आया था। उस समय उसने अपना गांव सरायचौरी छोड़ दिया था और अपनी बहन के घर कुरखा में रहने लगा था। लेकिन छोटे दुबे से उसकी रंजिश खत्म नहीं हुई थी। एक सप्ताह पहले ही इस मामले में दीपचंद्र कोर्ट से तारीख करके आया था और रविवार की रात उसकी हत्या कर दी गई।
सीओ भरथना अनिल यादव ने बताया कि रूपा की तहरीर पर छोटे दुबे निवासी सरायचौरी भरथना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ ने बताया कि दीप चंद्र हिस्ट्रीशीटर है, उसकी हिस्ट्री वर्ष 2006 में खोली गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।