हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या
ऊसराहार, संवादसूत्र : थाना क्षेत्र के ग्राम कुरखा में घर पर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई
ऊसराहार, संवादसूत्र : थाना क्षेत्र के ग्राम कुरखा में घर पर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बतायी जा रही है। मारा गया युवक हिस्ट्रीशीटर था, मामले को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई।
गांव निवासी दीप चंद्र उर्फ पप्पू बाथम उम्र 40 वर्ष रविवार की रात्रि करीब साढ़े 12 बजे अपने घर पर सो रहा था, तभी उसके घर पर कुछ लोग आये और उसके गोली मार दी। दीप चंद्र की पत्नी रूपा देवी ने बताया कि उसका पति धान की फसल काटकर शाम को आया था और घर के छप्पर में सो रहा था। वह अपनी दो लड़कियों के साथ अंदर कमरे में सो रही थी। तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, वह कमरे के बाहर निकली तो दीप चंद्र छटपटा रहे थे। सामने एक व्यक्ति तमंचा लिए खड़ा हुआ था, जिसको उसने पहचान लिया। रूपा ने बताया कि उसके पति की सरायचौरी गांव के छोटे दुबे से पुरानी रंजिश चल रही है। दीप चंद्र बाथम मूल रूप से सरायचौरी गांव भरथना का रहने वाला है। वह वर्ष 2004 में छोटे दुबे के भाई सहित दो लोगों की हत्या के मामले में नामजद था। तीन साल पहले वह जेल से छूटकर आया था। उस समय उसने अपना गांव सरायचौरी छोड़ दिया था और अपनी बहन के घर कुरखा में आकर रहने लगा था, लेकिन छोटे दुबे से उसकी रंजिश बरकरार चल रही थी। बताया गया है कि एक सप्ताह पहले ही इस मामले में दीप चंद्र कोर्ट से तारीख करके आया था और रविवार की रात उसकी हत्या कर दी गई। दीप चंद्र के चार लड़कियां व एक लड़का है। सीओ भरथना अनिल यादव ने बताया कि पूरे मामले में दीप चंद्र की पत्नी रूपा ने छोट दुबे निवासी सरायचौरी भरथना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में रंजिश का मामला सामने आ रहा है। सीओ ने बताया कि दीप चंद्र बाथम हिस्ट्रीशीटर है, उसकी हिस्ट्री वर्ष 2006 में खोली गयी थी। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।