कोहरा छाने से यातायात प्रभावित
इटावा, जागरण संवाददाता : हुदहुद चक्रवाती तूफान का असर तीसरे दिन भी बरकरार रहा। तड़के कोहरा छाने से सड़
इटावा, जागरण संवाददाता : हुदहुद चक्रवाती तूफान का असर तीसरे दिन भी बरकरार रहा। तड़के कोहरा छाने से सड़क ही नहीं बल्कि रेलमार्ग भी प्रभावित हो गया। दिन में हेड लाइटों की रोशनी में वाहनों का संचालन हुआ। दोपहर में सूर्यदेव के दर्शन होने पर जनजीवन ने राहत महसूस की लेकिन ठंडी हवा का दौर अभी तक थमा नहीं है।
हुदहुद तूफान की वजह से रविवार की रात से ही मौसम में परिवर्तन हो गया था, तापमान में निरंतर गिरावट हो रही है। बुधवार को सुबह कोहरा पड़ने के समय तापमान 22 डिग्री पर था। दोपहर में 23 तक पहुंचा जो शाम तक बरकरार रहा। कोहरा पड़ने से सड़कों पर यातायात थम गया। जिन वाहनों में पीले रंग की लाइटें थी वे धीमी गति से चल रहे थे। अधिकतर वाहन हेड लाइटों को जलाकर धीमी गति से चल रहे थे। कोहरा से लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस चार घंटे, तूफान सात घंटे, मगध नौ घंटे, कालका तीन घटे देरी से आई जबकि अन्य ट्रेनें भी कोहरा के चलते तीन से चार घंटे की देरी से चल रही थी। पूर्वाह्न 11 बजे सूर्यदेव के हल्के दर्शन होने तथा हवा तेज होने पर कोहरा साफ हुआ तब लोगों ने राहत महसूस की। दोपहर बाद धूप होने पर किसानों ने कटी हुई फसलों की देखभाल करके अपनी मेहनत सफल करने का प्रयास किया।