409 बूथों पर 3 लाख 57 हजार मतदाता करेंगे वोट
इटावा, जागरण संवाददाता : मैनपुरी लोकसभा के उपचुनाव में जसवंतनगर विधान सभा में 409 बूथों पर 3 लाख 57 हजार 929 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मैनपुरी लोकसभा के लिये चुनाव 13 सितंबर को होगा। जिला प्रशासन ने इसके लिये तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव कार्यालय में तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं।
जसवंतनगर विधान सभा के अंतर्गत पुरुष मतदाता 1 लाख 98 हजार 545 होंगे जबकि महिला मतदाता 1 लाख 59 हजार 384 होंगे। पूरे विधान सभा में 1 हजार मतदाताओं पर 268 पोलिंग बूथ बनाये गये हैं जबकि 1000 से 1200 तक 63 पोलिंग बूथ 1201 से 1400 तक 59 पोलिंग बूथ 1401 से 1600 तक 28 पोलिंग बूथ 1600 से ऊपर 1 पोलिंग बूथ बनाया जायेगा। चुनाव की व्यवस्थाओं के लिये वीडियो सर्वलांस टीम, व्यय पर्यवेक्षण टीमें गठित कर दी गयी हैं। इसका प्रभारी मुख्य कोषाधिकारी संजय सिंह को बनाया गया।
बसें जायेंगी पोलिंग पार्टियों के साथ
निर्वाचन आयोग ने जसवंतनगर विधान सभा के उप चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टियों के साथ बसें ले जाने का निर्देश दिया है। कुल 84 वाहनों की स्वीकृति चुनाव आयोग ने दी है जबकि दो वाहन तहसील स्तर पर रहेंगे। इस प्रकार कुल 86 वाहन चुनाव में इस्तेमाल किये जायेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त उमेश कुमार सिन्हा ने अपने आदेश में बसों के इस्तेमाल का निर्देश दिया है। साथ ही इन बसों का तीन दिन से अधिक प्रयोग न किया जाये। एक वाहन में 1 से लेकर 5 मतदान पार्टियां भेजे जाने के निर्देश दिये गये हैं। उप चुनाव के मतपत्र मैनपुरी जनपद से ही लाने के निर्देश दिये गये हैं।
आज होगी वीडियो कांफ्रेंसिंग
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को जनपद के सभी बड़े अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग करने के निर्देश दिये हैं। यह वीडियो कांफ्रेंसिंग शाम को 5 से 7 बजे तक होगी। इसमें चुनाव को लेकर विभिन्न निर्देश जारी किये जायेंगे। इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिलाधिकारी नितिन बंसल, एसएसपी दिनेश कुमार, एआरओ हंसराज यादव सहित इटावा, भरथना व ताखा के उपजिलाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।