शिकार में लगे ठेकेदार-शिकारी पकड़े
चकरनगर, संवादसूत्र : सेंचुरी क्षेत्र चंबल से टेम्पो में मछली भरकर ले जा रहे एक शिकारी व टेंपो चालक को चंबल सेंचुरी डीएफओ आगरा ने मौके से दबोच लिया जबकि एक मछली ठेकेदार व एक शिकारी मौके से भाग निकला। डीएफओ ने विभागीय कार्रवाई के बाद संबंधित थाना में उक्त अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को कहा है। अवैध मछली शिकारियों में उक्त कार्रवाई से हड़कंप कटा है।
दैनिक जागरण ने रविवार को प्रतिबंधित सेंचुरी क्षेत्र में बहने वाली नदियों में अवैध रूप से दिन दहाड़े दर्जनों नौकाओं से हो रही कछुआ-मछलियों के शिकार की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसको चंबल सेंचुरी डीएफओ आगरा अनिल कुमार पटेल ने गम्भीरता से लिया और इसी के मद्देनजर सोमवार सुबह भरेह क्षेत्र का निरीक्षण करने जा रहे थे। तभी अचानक सिकरौड़ी पुल पर एक तीन पहिये का टेम्पो काली पन्नी से ढका हुआ बाबरपुर की तरफ जा रहा था। उन्होंने टेंपो चालक को रोका तो वह भागने लगा। थोड़ी दूर जाकर उन्होंने टेंपो को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 6 बोरा मछली बरामद की गयी। वही टेम्पो चालक व उसमें बैठे एक युवक को मौके से दबोच लिया गया। जब कि उसमें बैठे अन्य दो युवक भाग जाने में सफल रहे। टेम्पो चालक ने अपने आप को भरेह थाना के गाव गढ़ाकास्दा निवासी मलखान सिंह बताया। जब कि दूसरे ने अपने आप को उक्त थाना के गाव महुआसूंड़ा निवासी लालता प्रसाद शिकारी के रूप में बताया। उन्होंने टेम्पो को सीज कर दिया है। वही सभी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की है।
उन्होंने कर्मचारियों को क्षेत्र में शिकार न होने देने की चेतावनी दी है। शिकार मिलने पर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सेंचुरी के रेंजर सुरेश चंद्र राजपूत भी मौजूद थे।