खेत पर काम कर रहा किसान अगवा
भरथना, संवादसूत्र : ग्राम दिवरासई में बुधवार सुबह खेत पर काम कर रहे युवा किसान के अगवा होने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। गुरूवार को अगवा किसान की खोजबीन में परिजन देर शाम तक जुटे रहे लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। उक्त सम्बन्ध में अभी तक परिजनों द्वारा कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
उक्त गाव निवासी 35 वर्षीय रामपाल शाक्य बुधवार सुबह 10 बजे अपने घर से खेतों पर कृषि कार्य करने गया था। इसी बीच एक अज्ञात नंबर वाली बाइक पर सवार दो व्यक्ति रामपाल को कृषि कार्य करते समय जबरन खेतों से बाइक पर बीच में बैठा कर ले गए।
कुछ किसानों ने उसे दूर से एक बाइक पर बीच में बैठा जाते देखा था। रामपाल जब दोपहर से देर शाम तक कृषि कार्य निपटाकर अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन प्रारम्भ की। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि जब वह दूर खेतों पर काम कर रहे थे। उसी बीच एक बाइक पर दो लोग रामपाल के खेतों पर पहुंचे और उसे बाइक पर बीच में बैठाकर जबरन अपने साथ ले गए।
गुरुवार को अगवा हुए रामपाल के जीजा मनोज कुमार पुत्र भजन लाल निवासी ग्राम नगला हरलाल (रमायन) थाना भरथना ने बताया कि अगवा साले की खोजबीन के दौरान उसके मिलने की कुछ सूचनायें प्राप्त हो रही हैं। जहा भाग दौड़कर उसकी सकुशल बरामदगी के प्रयास किये जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि रामपाल के परिजन अपने स्तर से युवक की खोजबीन करने में जुटे हैं। अनहोनी की आशंका के चलते उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी है।