15 सूत्रीय मांगें लेकर शिक्षकों ने दिया धरना
इटावा, जागरण संवाददाता : 15 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने कचहरी में धरना प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदेशीय महामंत्री जबर सिंह ने कहा कि पुनरीक्षित वेतनमान, एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों की पुरानी पेंशन योजना, मृतक आश्रित को पूर्व की भांति नियुक्ति, शिक्षकों को प्राप्त महंगाई भत्ता 50 फीसद मूल वेतन में जोड़कर शिक्षामित्रों को शिक्षक पद पर समायोजित करने, शिक्षकों को राज्य कर्मचारियों के समान चिकित्सकीय सुविधा देने, शिक्षकों को पदोन्नति के लिए अनुभव सीमा तीन वर्ष करने समेत कई मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। सरकार ने ये मांगें न मानीं तो जिला मुख्यालय पर हो रहा तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। जिलाध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने कहा कि हक पाने को संघर्ष के लिए शिक्षक तैयार रहें। कोषाध्यक्ष साधव सिंह ने संगठन के शिक्षक हितों के लिए समर्पित होने का आश्वासन दिया। ताखा अध्यक्ष बृजेश यादव, जिला मंत्री योगेंद्र त्रिपाठी ने मांगें न माने जाने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही। ब्लाक अध्यक्ष जसवंतनगर विनोद यादव, संजीव यादव, कल्पना चौहान, उमा यादव ने कहा कि अध्यापक एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।
प्रथम नियुक्ति तिथि के आधार पर हो पदोन्नति
प्रदर्शन के दौरान वर्ष 2013 के अंतर्जनपदीय स्थानांतरित शिक्षकों विपिन मिश्रा, विनय कुमार, अखिलेश, संजीव यादव, कौशलेंद्र यादव, मनजीत यादव, राजीव सिंह व मोहर सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट एमएन उपाध्याय को सौंपा जिसमें उनकी माग थी कि पदोन्नति प्रक्रिया हेतु वरिष्ठता सूची में उन्हें प्रथम नियुक्ति तिथि के आधार पर सम्मिलित किया जाए। इस बाबत बेसिक शिक्षा सचिव ने जून में स्पष्ट निर्देश भी दिए थे, जिसे दैनिक जागरण ने 17 जून को प्रकाशित किया था, इसका शासनादेश निर्गत कराया जाए। धरना को रामलखन पांडे, शरद त्रिपाठी, मु. इमरान, नेहा कुलश्रेष्ठ, गोविंद सिंह चौहान, नगर अध्यक्ष प्रदीप यादव, मंत्री मु. अनीस, शिक्षामित्र अध्यक्ष उदयवीर सिंह यादव ने भी संबोधित किया। संचालन शारदेंदु यादव ने किया।