हाथियों-शेरों की होड़ में इंसान को भूल गए
गौरव डुडेजा, इटावा : सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के गढ़ में शुक्रवार को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी जमकर गरजे। उन्होंने गांधी परिवार व मुलायम परिवार पर बिना नाम लिए जनता से आह्वान किया कि दिल्ली व उत्तर प्रदेश से परिवारवाद को उखाड़ फेंके। देश के लोग अगर बदलाव चाहते हैं तो पहले दिल्ली की सरकार बदलनी होगी उसके बाद उत्तर प्रदेश की सरकार बदलनी होगी।
वे भरथना के छोला मंदिर के पास आयोजित इटावा-मैनपुरी कन्नौज लोकसभा संयुक्त जनसभा को संबोधित कर रहे थे। खराब मौसम के बावजूद भारी संख्या में मोदी को सुनने आए लोगों को देखकर जोश में आये मोदी ने मंच पर आते ही विलंब से आने के लिए माफी मांगी और कहा कि गुजरात का शेर इटावा में दहाड़ रहा है। हवा चल रही है यह बदलाव का संकेत हैं। उन्होंने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को नसीहत दी कि नेता जी अब तो हालात को पहचान लो। उन्होंने कहा कि नेताजी की सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि जहां मुलायम होना चाहिए वहां कठोर हो जाते हैं और जहां कठोर होना चाहिए वहां मुलायम हो जाते हैं। कोई बलात्कार करे वहां कठोर होना चाहिए था पर नेता जी मुलायम हो गए। प्रदेश में जहां दंगे हुए वहां बच्चे ठंड से मर रहे थे यहां बच्चों की जिंदगी की चिंता करनी चाहिए वो नहीं की गयी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में दंगों की राजनीति के बाद बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने गुजरात का शेर मांगा था उन्होंने दे दिया पर उन्हें अच्छा तब लगता जब वे गुजरात की गीर गाय भी मांग लेते। मोदी ने अपना नाता गुजरात के यदुवंशियों से जोड़ते हुए कहा कि गुजरात में यदुवंशी गीर गाय का लालन पालन करते हैं। गीर गाय अगर उत्तर प्रदेश में आ जाती तो किसानों के जीवन में बदलाव आ जाता परंतु उत्तर प्रदेश का दुर्भाग्य है कि कुछ लोग हाथियों का पार्क बनवा रहें तो वहीं कुछ लोग लॉयन सफारी में लगे हैं। इंसानों की चिंता करने वाला कोई नहीं है।
मोदी ने नौजवानों की नब्ज पर हाथ रखते हुए कहा कि नौजवानों को रोजगार चाहिए, गन्ने का किसान बर्बाद हो रहा है। आजादी के बाद देश में जितने सेना के जवान युद्ध में नहीं मरे उससे ज्यादा किसानों ने आत्महत्याएं की हैं। कहां गया वो जय जवान-जय किसान का नारा। अब तो मर जवान-मर किसान के हालात हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अपराधियों का स्वर्ग बन गया है। बंदूक का लाइसेंस लोगों के लिए अहम हिस्सा है। गरीब परिवार भूखे पेट रहकर बंदूक के लाइसेंस में लगे हैं। होना यह चाहिए कि लोगों को सुरक्षा मिले, कानून की रक्षा हो, लोग अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें। कानून का राज होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन लोगों ने साठ साल देश पर राज किया, एक बार उन्हें साठ माह के लिए सेवक बनाकर देख लो। भाग्य बदल देंगे, जीवन में उन्नति व विश्वास का संचार हो जाएगा। वे सेवक बनकर लोगों की सेवा करेंगे। राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए गरीबी एक टूरिज्म है। जैसे लोग ताजमहल देखने जाते हैं और फोटो खिंचवाते हैं वैसे हमारे शहजादे गरीबों के यहां जाकर देखते हैं कि वह क्या खाता उसके कितने पैर होते हैं, कहां सोता है। उनके बच्चों को गोद में लेकर फोटो खिंचवाते हैं। वे सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। गरीबी हमने देखी है। हम चाय बेचकर आये हैं। वो नामदार हैं हम कामदार हैं। जब तक देश का गरीब मजबूत नहीं होगा तब तक देश में खुशहाली नहीं आ सकती है इसके लिए लोगों को नया इतिहास बनाना होगा। हमारी विजय सुनिश्चित है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले मतदान बता रहे हैं कि कांग्रेस का देश में कई राज्यों से सूपड़ा साफ हो गया है। इससे पूर्व उनके आने पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, पूर्व विधायक अशोक दुबे, इटावा लोकसभा प्रत्याशी अशोक दोहरे, कन्नौज लोकसभा प्रत्याशी सुब्रत पाठक ने उनका स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने उन्हें शॉल ओढ़ाई।