आदर्श कार्यालय बना समाज कल्याण विभाग
जागरण संवाददाता, एटा: सूबे में नई सरकार के निर्देशों और सख्ती का असर साफ दिखने लगा है। शुक्रवार को ह
जागरण संवाददाता, एटा: सूबे में नई सरकार के निर्देशों और सख्ती का असर साफ दिखने लगा है। शुक्रवार को ही सरकार ने आदेश दिए और शनिवार को उनका पालन भी हो गया। समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में आठ सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। यह पारदर्शिता और भ्रष्टाचारमुक्त कार्य की बड़ी पहल साबित हो सकती है। बहरहाल, जिले में सबसे पहले इस राह पर चलकर समाज कल्याण विभाग कार्यालय मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट का आदर्श कार्यालय जरूर बन गया है।
यूं तो पूर्व में कलक्ट्रेट और सीएमओ कार्यालय में भी सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा चुके हैं। लेकिन ये कैमरे केवल बाहरी हलचल पर नजर रखने तक सीमित थे। जिनका प्रयोग असामाजिक तत्वों और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हो रहा था। कार्यालयों के अंदर और पटलों पर निगरानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। लेकिन इससे दो कदम आगे बढ़ते हुए समाज कल्याण विभाग ने कार्यालयों के अंदर भी नजर रखने के इंतजाम किए हैं। परिसर में मुख्य द्वार, बरामदा से लेकर समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य सभी अनुभाग कक्षों में कैमरे लगवाए गए हैं। गौरतलब है कि पेंशन, छात्रवृत्ति, पारिवारिक लाभ योजना आदि की मंजूरी के लिए अक्सर आरोप लगते रहते हैं। कैमरों की निगरानी से इस तरह के भ्रष्टाचार की संभावनाएं नहीं होंगी।
बना पूछताछ काउंटर
कार्यालय में यह भी एक नई तरह की व्यवस्था है। इस विभाग से वृद्धावस्था पेंशन, छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, एससी-एसटी अत्याचार उत्पीड़न मामलों में आर्थिक सहायता, छात्रावासों का संचालन आदि योजनाएं संचालित होती हैं। जिसके लिए अलग-अलग पटल बनाए गए हैं। अक्सर आमजन को जानकारी नहीं होती और वह असमंजस में पड़ जाता है। ऐसे लोगों की मदद के लिए यहां एक कक्ष में पूछताछ एवं सुझाव काउंटर की भी स्थापना की गई है। जहां इच्छुक व्यक्ति को जानकारी दी जाएगी। साथ ही उसके सुझाव और शिकायत भी नोट किए जाएंगी।
मिलेगा शुद्ध आरओ पानी
गर्मियों में यहां लोगों को आरओ का शुद्ध और ठंडा पानी भी मिलेगा। अब तक लोग हैंडपंप का पानी पीने को मजबूर थे। कार्यालय की ओर से आरओ प्लांट का आर्डर किया गया है। जो दो-चार दिन में यहां लग जाएगा।
अधिकारी की बात
पारदर्शिता के लिए पहले से ही दिमाग में कुछ इस तरह की व्यवस्था लागू करने का विचार था। हाल ही में जारी हुए निर्देशों ने इसे और बल दिया। बाहर ही नहीं, हर कक्ष में कैमरे लगवाए गए हैं, जिससे कहीं भ्रष्टाचार की संभावना न रहे। जो भी व्यक्ति गड़बड़ी करेगा, कैमरे की नजर से बच नहीं पाएगा।
- टीएन तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी