आसमान से बरसी आग, अकुलाए लोग
जागरण संवाददाता, एटा: धूप अब बदन झुलसा रही है, तो लू के थपेड़े तड़पा रहे हैं। गर्मी ने लोगों को परेशान
जागरण संवाददाता, एटा: धूप अब बदन झुलसा रही है, तो लू के थपेड़े तड़पा रहे हैं। गर्मी ने लोगों को परेशान करके रख दिया है। जन जीवन अस्त व्यस्त हो चला है। अब लोग दिन के समय घर से बहुत जरूरी काम होने पर ही बाहर कदम रख रहे हैं। धूप के चलते दिन में सड़कें ज्यादातर सूनसान ही रहती हैं। शनिवार को आसमान से आग बरसी तो लोग अकुला उठे। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 तो न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
सूरज की तपिश से बेहाल लोगों को अब मानसून का इंतजार हैं। बढ़ती गर्मी से राहत पाने को अब झमाझम बारिश ही लोगों के लिए मुफीद साबित हो सकती है। वहीं मौसम विभाग फिलहाल बारिश के कोई आसार न होने की बात कह रहा है।
बीते कई दिनों से सूर्य की किरणों का ताडव शुरू हो गया है। पिछले कई दिनों से गर्मी लोगों को बेहाल कर रही थी, शनिवार को भी वही आलम रहा। सुबह से ही गर्मी सिर चढ़कर बोलने लगी। लोग गर्मी से बचने के लिए घर से शरीर को कपड़े ढक कर निकले। मौसम का हाल यह है, कभी तेज धूप लोगों को परेशान करती है, तो कभी आसमान में बादल छाने से मौसम सुहाना हो जाता है। शनिवार सूरज की तपिश लोगों को बेहाल कर रही थी। लेकिन दोपहर होते होते लू के थपेड़ों ने लोगों को जमकर परेशान किया। वहीं अघोषित बिजली कटौती ने भी लोगों को दिक्कत दी।