पैदल चलने पर भी पालन करें नियम
जागरण संवाददाता, एटा: यातायात माह के अंतर्गत यातायात पुलिस लगातार शिविरों एवं रैली के माध्यम से लोगो
जागरण संवाददाता, एटा: यातायात माह के अंतर्गत यातायात पुलिस लगातार शिविरों एवं रैली के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। गुरुवार को यातायात पुलिस द्वारा नगर के प्रेंटिस गर्ल्स इंटर कॉलेज में शिविर लगाकर छात्राओं को संरक्षा के प्रावधानों की जानकारी दी।
कॉलेज में मौजूद छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारियां देते हुए क्षेत्राधिकारी सकीट आशाराम अहिरवार ने कहा कि वाहन चलाने के साथ-साथ पैदल यात्रा के दौरान भी यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय बरती एक लापरवाही मुसीबत में डाल सकती है। श्री अहिरवार ने कहा कि वाहन चलाने वाले लोग अपने वाहन के समस्त दस्तावेज साथ लेकर चलें। बिना दस्तावेज के वाहन की सत्यता प्रदर्शित नहीं होगी और वाहन सीज कर दिया जाएगा।
यातायात प्रभारी मुनेश सिंह कठेरिया ने छात्राओं को यातायात के नियमों के साथ-साथ सुरक्षा व संरक्षा के प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं छात्राओं ने नियम पालन की शपथ ली। शिविर में प्रधानाचार्य डॉ. शीला प्रसाद के साथ महिला थाने की प्रभारी सरोजनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर एचसीपी रामराज, आरक्षी मनोज, राकेश के साथ सभी शिक्षिकाएं व शिक्षणेत्तर कर्मी मौजूद थे।
छात्राओं को बांटी पुस्तकें
अभियान के तहत प्रेंटिस गल्स इंटर कॉलेज में यातायात पुलिस द्वारा छात्राओं को सुखद व सुरक्षित यात्रा की प्रेरणा देने के लिए यातायात नियंत्रण संबंधी 1100 पुस्तकें वितरित कीं।
115 वाहनों का चालन हुआ
गुरुवार को यातायात पुलिस द्वारा चलाए अभियान में शहर में यातायात के कानूनों के उल्लंघन करने पर 27 वाहनों को पकड़ा गया। पूरे जिले में 115 वाहन कागजातों के अभाव व मात्रा से अधिक सवारियों के साथ संचालित होते मिले। वाहनों का चालान कर मौके पर जुर्माना वसूल किया गया।