छेड़खानी के विरोध में हमला, महिला घायल
जागरण संवाददाता, एटा : अलीगंज क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर एक महिला को मारपीटकर घायल कर दिया
जागरण संवाददाता, एटा : अलीगंज क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर एक महिला को मारपीटकर घायल कर दिया गया। वहीं जैथरा क्षेत्र में किशोरी से छेड़खानी का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी हुई है।
पुलिस को दी तहरीर में ग्राम अमरौली रतनपुर निवासी एक व्यक्ति की पत्नी ने कहा कि 26 अक्टूबर को सुबह वह खेत पर जा रही थी। तभी गांव का ही मुनीम सिंह पुत्र जागन सिंह और उसका पुत्र आलोक उसे रास्ते में मिल गए। आरोप है कि इस दौरान मुनीम ने उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर मुनीम ने अपने पुत्र की मदद से उसे मारपीटकर घायल कर दिया। एसओ अलीगंज इंद्रेश कुमार भदौरिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर छेड़खानी और मारपीट की रिपोर्ट मुनीम सिंह और उसके पुत्र आलोक के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।
वहीं जैथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला सुंदर में गुरुवार दोपहर वीरपाल पुत्र रामवीर ने पड़ोसी के घर में घुसकर उसकी बेटी के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर मारपीट के बाद आरोपी द्वारा बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई। एसओ जैथरा आरके अवस्थी ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।