कार ने किशोर को रौंदा, मौत
जागरण संवाददाता, एटा- मिरहची: गुरुवार की शाम साइकिल सवार किशोर को कार ने रौंद दिया। जब तक उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जाता तब तक उसकी मौत हो गई। देर से पहुंची पुलिस को देख ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यातायात अवरुद्ध कर दिया। एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका।
मिरहची क्षेत्र के ग्राम डुडिया निवासी 15 वर्षीय विष्णु कश्यप पुत्र खजान सिंह अपनी बीमार मां की दवा और घरेलू सामान खरीदने साइकिल से बाजार आ रहा था। जैसे ही किशोर की साइकिल ग्राम रामई गेट के निकट पहुंची कि तभी कासगंज की ओर से आ रही कार संख्या यूपी 82 एम 1196 ने उसे रौंद दिया। कार की टक्कर लगते ही विष्णु दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही परिजन तथा समीपवर्ती ग्रामीण मौके पर जमा हो गये। घायल किशोर को जब तक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
देर से मौके पर पहुंची पुलिस को देख ग्रामीणों मे आक्रोश पनप गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आगरा बरेली मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय ब्लाक प्रमुख अनिल कुमार सिंह यादव तथा एसओ मिरहची जय सिंह परिहार ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को बताया कि आरोपी चालक को कोतवाली देहात की लिप्टन पुलिस चौकी पर तैनात सिपाहियों द्वारा पकड़ लिया गया है। तब कहीं जाकर एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। रिपोर्ट मृतक के परिजनों द्वारा मिरहची थाने मे कार चालक के खिलाफ दर्ज कराई गई है।