सरेशाम सर्राफ से लूट, आक्रोशित जनता ने धुने पुलिस कर्मी
जागरण संवाददाता, एटा-अवागढ़ : कस्बा में गुरुवार की सायं अज्ञात बदमाशों ने सराफ का थैला लूट लिया और बाइक भी छीन ले गए। थैले में लाखों की नकदी व जेवरात बताए गए हैं। घटना के बाद देरी से पहुंची पुलिस को लेकर जनता का आक्रोश भड़क उड़ा। जिसके बाद भीड़ ने एक दरोगा सहित तीन पुलिस कर्मियों की जमकर धुनाई कर दी। इसके बावजूद जनता में पुलिस के विरुद्ध बेहद आक्रोश था।
घटना लगभग 8 बजे की है, जब कस्बा के सराफा संघ के अध्यक्ष सुधीश कुमार गोयल उर्फ गणेश अपने सहयोगी नरेश कुमार के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। मुख्य बाजार होते हुए जैसे ही वे मुहल्ला बोहरान स्थित आवास की ओर मुड़े कि गली में तीन बदमाश पहले से ही लूट को अंजाम देने की तैयारी में खड़े थे। बदमाशों के समीप पहुंचने पर उनकी हरकतों को समझ सर्राफ ने बाइक धीमी की लेकिन बदमाशों ने भी देरी न करते हुए तमंचे निकाल लिए और इस दौरान सर्राफ का थैला और उन दोनों को नीचे उतारकर हीरो होंडा ग्लेमर मोटरसाइकिल भी छीन ले गए।
उन्होंने शोर मचाया तो मुहल्ले व बाजार के लोग भी दौड़ पड़े। जानकारी होने पर उन्होंने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। तत्काल ही थाना पुलिस व क्षेत्राधिकारी को मामले से अवगत करा दिया गया। छीने गए थैले में नकदी, जेवरात बताए गए हैं। उधर घटना के बाद जहां लूट की जानकारी कस्बाई लोगों को हुई तो मौके पर हुजूम लग गया। लगभग आधा घंटे तक इलाका पुलिस न पहुंचने की स्थिति में लोगों का आक्रोश भड़क उठा।
इस मध्य थाना प्रभारी की कारगुजारी व घटना से लोगों में इतना उबाल था कि वहां पहुंचे दरोगा नौशाद अली व तीन अन्य सिपाहियों को भीड़ ने पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। जैसे-तैसे पुलिस कर्मी अपनी जान बचाकर वहां से भाग खड़े हुए। चेयरमैन महेश पाल सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष अरविंद गोयल के अलावा व्यापार मंडल सहित अन्य संगठनों ने भी घटना पर आक्रोश जताया। पुलिस कर्मियों की पिटाई के बाद जनता में और भी उबाल बना हुआ था। जिस कारण लोगों भीड़ सर्राफ के आवास पर लगी रही। इसके बावजूद समाचार लिखे जाने तक थाना प्रभारी या पुलिस का कोई अन्य अधिकारी घटना की जानकारी लेने नहीं पहुंचा था।
पहले भी हो चुकी घटनाएं
सर्राफ परिवार के साथ पहले भी घटनाएं हो चुकी हैं। लगभग डेढ़ साल पहले सुधीश गोयल के छोटे भाई मुकेश अग्रवाल की लूट के बाद नौकर सहित हत्या कर दी गई। वहीं उनके साथ भी पूर्व में दो बार लूट की घटनाएं होना बताई गई हैं।