राहत के साथ आफत भी बनी बरसात
जागरण संवाददाता, एटा-कासगंज: शहर में दो बार हुई बरसात ने लोगों को जमकर भिगोया। लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। हालांकि, जलभराव के चलते लोगों को आफत भी उठानी पड़ी।
मंगलवार को सुबह ईद की नमाज के कुछ समय बाद ही 10 बजे से बरसात शुरू हो गई। छुट्टी के दिन में झमाझम बारिश का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। घरों की छतों के अलावा लोग सड़कों पर घूमकर मौसम और बरसात का आनंद लेते हुए भी नजर आए। गर्मी और उमस से निजात मिलने पर लोग काफी सुकून में थे। हालांकि कुछ समय बाद ही यह राहत मुश्किल में तब्दील होने लगी। शहर में जगह-जगह बरसात का पानी भरने लगा। कई गली-मुहल्लों सहित मुख्य मार्गो तक में जलभराव हो गया। जिससे लोगों का राह निकलना दूभर हो गया। बरसात बंद होने के बाद पानी निकलना शुरू हुआ तो शाम को लगभग 4 बजे दोबारा हुई बरसात ने फिर स्थिति बिगाड़ दी।
पानी में डूबा महिला थाना परिसर
मंगलवार को हुई बरसात से महिला थाना परिसर पानी में डूब गया। फरियादियों सहित पुलिसकर्मियों को भी इससे काफी परेशानी उठानी पड़ी। बता दें कि थाना परिसर में यह समस्या कोई नई नहीं है। अव्यवस्था के चलते बरसात में महिला थाना परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है। मुख्य द्वार से थाना कार्यालय तक पहुंचना दूभर हो जाता है। सीओ एके सिंह का कहना है कि जो भी अव्यवस्थाएं हैं उन्हें दूर करने के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है।