ननिहाल में बालिका को मारी गोली, घायल
जागरण संवाददाता, एटा: सकरौली क्षेत्र में ननिहाल आई एक बालिका को गोली मारकर घायल कर दिया गया।
फीरोजाबाद के नारखी थाने के ग्राम गढ़ीलौकी निवासी 12 वर्षीय कविता अपनी ननिहाल सकरौली थाना क्षेत्र के ग्राम किरावली में आई हुई थी। 21 अप्रैल की रात वह अपने मामा गजेन्द्र पुत्र फतेह सिंह के पास बैठी हुई थी। तभी अज्ञात हमलावरों ने तमंचे से फायर कर दिया। इस दौरान गोली लगने से कविता घायल हो गई, जबकि उसका मामा बाल-बाल बच गया। घायल कविता को उपचार के लिए जलेसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।
ननिहाल में कविता को गोली मारे जाने की जानकारी मिलते ही परिजन भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। घायल कविता की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। सकरौली के इंस्पेक्टर अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि घायल कविता के चाचा रेशमपाल पुत्र चन्द्रपाल की तहरीर पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट अज्ञात हमलावरों के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम हमलावरों की सुरागरशी को लगा दी गई है।