दो बस यात्री जहरखुरानी का शिकार
निज प्रतिनिधि, कासगंज (एटा) : त्योहारों के चलते जहरखुरान भी ज्यादा सक्रिय हो गए। दिल्ली से चलकर कासगंज पहुंचने वाली निगम की बसों में दो अज्ञात बस यात्री जहरखुरानी का शिकार हो गए। जहरखुरानों ने यात्रियों का सामान और नकदी लूट ली है। यात्रियों को उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार कासगंज डिपो की बस दिल्ली से चलकर प्रात: कासगंज बस स्टैंड पर आकर रुकी। परिचालक ने देखा कि बस की पीछे वाली सीट पर एक यात्री अचेतावस्था में पड़ा हुआ है। परिचालक ने जब उसे उठाने का प्रयास किया और वह न उठा तो समझते देर न लगी कि युवक जहरखुरानी का शिकार हुआ है।
परिचालक ने युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया है। युवक की चेतना वापस नहीं लौटी थी। जिससे वह अपनी बारे में जानकारी नहीं दे सका। वहीं निगम की एक अन्य बस में एक अज्ञात यात्री भी जहरखुरानी का शिकार हुआ।
त्योहार पर जहरखुरान गिरोह सक्रिय हो गए हैं। निगम की बसों में जहरखुरानी की घटनाएं बढ़ी हैं। सबसे अधिक घटनाएं दिल्ली-कासगंज मार्ग पर होती हैं। जहरखुरानी गिरोह के सामने विभागीय अधिकारियों के प्रयास बौने नजर आ रहे हैं। विभागीय उदासीनता के चलते यात्री असुरक्षित हैं। क्षेत्रीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि जहरखुरानी की घटनाएं रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं ताकि बस और ट्रेनों में यात्री सुरक्षित हो सकें।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर