दहेज की बलि वेदी पर चढ़ी संध्या
देवरिया :
खामपार थाना क्षेत्र के सवरेजी गांव में एक विवाहिता गुरुवार की रात्रि दहेज की बलि वेदी पर चढ़ा दी गई। पुलिस ने विवाहिता के पिता की तहरीर पर सास व पति के खिलाफ दहेज हत्या मुकदमा दर्ज किया है।
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के कुईचवर निवासी राम इकबाल पुत्र पूर्णवासी प्रसाद ने अपनी पुत्री संध्या की शादी वर्ष 2011 मई में खामपार थाना क्षेत्र के सवरेजी निवासी सुखी प्रसाद के पुत्र मानिकचंद्र के साथ धूमधाम से सामर्थ्य अनुसार दान-दहेज देकर की थी। ससुराल जाने के बाद संध्या कुछ दिनों तक सुख-शांती से रही। बाद में ससुरालियों द्वारा उसे टीवी, चेन, साइकिल व घड़ी के लिए आएदिन उलाहना देकर परेशान किया जाने लगा। अपने दिए गए तहरीर में राम इकबाल ने कहा है कि अपने साथ हो रही घटनाओं की जानकारी उसकी पुत्री हमेशा देती रही। इसी के साथ दहेज के नए डिमांड के बाबत भी उसे जानकारी देती रही। रामइकबाल के अनुसार शादी में ही भरपूर दान दहेज देने के कारण वह टूट गए थे। दहेज की नई मांग को पूरा करने में उन्होंने संध्या के ससुरालियों से असमर्थता जताई। इसके बाद संध्या के साथ ससुरालियों का अत्याचार और बढ़ गया। आएदिन उसके साथ मारपीट की घटनाएं आम हो गई। राम इकबाल के अनुसार गुरुवार की रात्रि दहेज लोभियों ने संध्या के साथ मारपीट करने के बाद उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क जला डाला, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
इस बाबत थानाध्यक्ष बृजेश यादव ने कहा कि मृतका के पिता के तहरीर पर पति व सास के खिलाफ धारा 304बी का मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त घर छोड़ फरार है। गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर