दिनभर कोहरे की ओट में छिपे रहे सूर्य
देवरिया : कोहरे के प्रकोप से ठंड बढ़ गई है। शनिवार को आलम यह रहा कि पूरे दिन में सूर्य की किरणें एक
देवरिया : कोहरे के प्रकोप से ठंड बढ़ गई है। शनिवार को आलम यह रहा कि पूरे दिन में सूर्य की किरणें एक बार भी कोहरे का तिलस्म तोड़ न सकी। सुबह दस बजे तक सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। वाहनों को सफर तय करने के लिए हेडलाइट जलानी पड़ी। कोहरे के साथ ठंड ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
शुक्रवार को तड़के तीन बजे अचानक कोहरा बढ़ने लगा। सुबह होते-होते पूरा वातावरण कोहरे की चादर में लिपट चुका था। ग्रामीण इलाकों में पांच मीटर दूर की चीजें स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहीं थीं। पेड़ों से ओस की बूंदे बारिश के पानी जैसी टपक रही थीं। कोहरे के चलते शीतलहरी महसूस हुई, जिससे ठंड बढ़ गई है। ठंडी पछुआ हवा के चलते लोग ठिठुरते नजर आए। ठंड व कोहरे के चलते सुबह स्कूल जाने वाले छात्रों व अभिभावकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बच्चों को लेकर विद्यालय वाहन विलंब से गंतव्य स्थल पर पहुंचे। बच्चे भी कपड़ों से लद कर पढ़ने गए।
दिन का अधिकतम तापमान 30.32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आगामी कुछ दिनों तक मौसम में कुछ खास बदलाव नहीं आएगा। ठंड और बढ़ सकती है।