आप कार्यकर्ताओं ने फूंका पीएम का पुतला
देवरिया : आम आदमी पार्टी के जिला सचिव अशोक गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दिल्ली क
देवरिया : आम आदमी पार्टी के जिला सचिव अशोक गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित आप विधायकों की गिरफ्तारी के विरोध में नगर के सुभाष चौक पर धरना प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध प्रकट किया। इस दौरान सभा भी हुई, जिसको संबोधित करते हुए जिला प्रवक्ता अवधेश यादव ने कहा कि भाजपा ने दल बदलने के लिए आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश मोहनिया को चार करोड़ रुपये देने की पेशकश की थी। श्री मोहनिया ने रिश्वत ठुकरा कर यह बात जग जाहिर कर दी, जिससे बौखला कर बिना किसी सबूत के दिल्ली पुलिस आप विधायक को घसीटते हुए उठा ले गई। ऐसा करना लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए आप कार्यकर्ताओं को मानसिक तौर पर तोड़ना चाहती है। नगर संयोजक लल्लन जायसवाल ने कहा कि भाजपा के मंत्री निहाल चंद्र मेघालय पर बलात्कार का एफआइआर राजस्थान के एक थाने में दर्ज है। सरेआम एक युवक को पीटकर अधमरा करने वाले भाजपा विधायक ओपी शर्मा मजे में घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। इससे यह साफ हो गया कि प्रधानमंत्री तानाशाह की तरह काम कर रहे हैं। अंत में तानाशाह का क्या हश्र होता है, इसका इतिहास गवाह है। इस दौरान सुभाष यादव, होसिला मणि त्रिपाठी, कृष्णदेव ¨सह, अधिवक्ता राकेश तिवारी, रामनगीना यादव, अनुप गुप्ता रामकिशोर चौहान, ईश्वर शर्मा, सुरेंद्र प्रताप वर्मा, भगत भाई सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।