समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं
देवरिया: महिला एकता शक्ति के नेतृत्व में महिलाओं ने सोमवार को ब्लाक कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया
देवरिया: महिला एकता शक्ति के नेतृत्व में महिलाओं ने सोमवार को ब्लाक कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा। जल्द मांग पूरी न होने पर जिलाधिकारी का घेराव करने तथा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मन्नू तिवारी ने कहा कि ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हो गई। शासन ने मुआवजा देने की घोषणा की। इसमें अधिकारी जमकर लापरवाही बरत रहे हैं। साथ ही बलुआ अफगान में अब तक कोई सरकारी सुविधा नहीं दी गई है। आज भी गांव के दर्जनों लोग झुग्गी-झोपड़ी में रहने को विवश हैं। क्षेत्र में अधिकांश इंडिया मार्क हैंडपंप खराब पड़े हैं। इन्हें ठीक कराने की कई बार मांग की गई, लेकिन अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दर्जनों गांवों के लोग पात्र होने के बाद भी इंदिरा आवास योजनाओं से वंचित हैं। मोनू तिवारी ने कहा कि भटनी ब्लाक के कर्मचारी व अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सभा को सुनीता तिवारी, कृष्णावती देवी, संजीव मिश्र, हीराजोती, राजमति देवी, रीना, लक्ष्मी देवी, प्रमिला देवी, रेनू देवी, सुरसती देवी, रीना देवी, भारती देवी, ऊषा देवी आदि ने संबोधित किया।