भूकंप की तबाही : कई स्थानों पर गिरे मकान
देवरिया : शनिवार को सलेमपुर क्षेत्र में भी भूकंप के दो बार झटके महसूस किए गए। तीसरा झटका शाम को भी आ
देवरिया : शनिवार को सलेमपुर क्षेत्र में भी भूकंप के दो बार झटके महसूस किए गए। तीसरा झटका शाम को भी आया, लेकिन काफी हल्का रहा। भूकंप के चलते कई स्थानों पर मकान गिर गए तो कई लोग भगदड़ के चलते घायल हो गए। उधर दिन भर दहशत के चलते लोग अपने-अपने घरों से बाहर ही नजर आए।
नगर के सब्जी मंडी के समीप शौखलाल समेत कई लोगों के मकानों में दरार आ गई, जबकि सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मधवापुर निवासी तुफानी का दो मंजिल मकान गिर गया। इसी तरह मुसैला चौराहे पर नगीना कुशवाहा का भी मकान गिरने की सूचना है। इसके अलावा लार, खुखुंदू, भटनी, मईल, लार रोड क्षेत्र में भी भूकंप के चलते दीवारों में दरार आने की सूचना है।
चंद मिनट में विद्यालय हो गए बंद
भूकंप की सूचना मिलते ही प्रशासन भी गंभीर हो गया। तत्काल मुख्यमंत्री ने विद्यालय बंद करने का आदेश दे दिया। भूकंप आते ही विद्यालय प्रशासन ने विद्यालय बंद कर दिया और बच्चों को तत्काल घर भेज दिया। भूकंप की दहशत बच्चों के चेहरे पर स्कूल से लौटते समय देखी गई। इस दौरान लोगों का कहना था कि पहली बार इस तरह का भूकंप देखा गया है। उधर रेलवे स्टेशन व अस्पताल में भी भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग परेशान नजर आए।