दूधिया रोशनी से जगमगाएगा ओवरब्रिज
देवरिया : सलेमपुर के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए दक्षिणी रेलवे ढाला पर बना ओवरब्रिज जल्द
देवरिया :
सलेमपुर के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए दक्षिणी रेलवे ढाला पर बना ओवरब्रिज जल्द ही दुधिया रोशनी से जगमगाने लगेगा। विधायक की पहल पर शासन द्वारा बजट पास करने के बाद अब सेतु निगम ने सोडियम लैंप लगाना शुरू कर दिया है। एक से डेढ़ सप्ताह के अंदर ओवरब्रिज पर सोडियम लैंप उजाला करने लगेंगे।
देवरिया से बलिया तथा बिहार की यात्रा सुगम करने के साथ ही सलेमपुर की जनता को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए वर्ष 2009 में सलेमपुर रेलवे स्टेशन के दक्षिणी रेलवे ढाला पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हुआ। वर्ष 2013 में इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया और वाहन फर्राटा भरने लगे। इसी बीच 2014 में लोक निर्माण मंत्री शिवपाल ¨सह यादव ने इसका लोकार्पण भी कर दिया, लेकिन आज तक उस ओवरब्रिज पर पथ-प्रकाश की व्यवस्था नहीं की गई थी। जिसके चलते रात को आए दिन मार्ग दुर्घटनाएं हुआ करती थी। इसको देखते हुए क्षेत्रीय विधायक मनबोध प्रसाद ने पहल किया और कुछ माह पूर्व बजट भी पास हो गया। शुक्रवार से सेतु निगम द्वारा ओवरब्रिज पर सोडियम लैंप लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि एक से डेढ़ सप्ताह के अंदर पूरी तरह से सोडियम लगाने के साथ ही कनेक्शन भी दे दिया जाएगा और सोडियम लैंप उजाला भी करने लगेंगे।