आपूर्ति ठप होने से आक्रोशित ग्राम प्रधानों का उपकेंद्र में हंगामा
देवरिया: दो दिन पूर्व आइ आंधी-पानी में ध्वस्त विद्युत व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। कि
देवरिया: दो दिन पूर्व आइ आंधी-पानी में ध्वस्त विद्युत व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। किसी तरह टाउन फीडर को चालू किया गया है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति को ठीक ढंग से बहाल नहीं किया जा सका है। बिजली न मिलने से परेशान दक्षिणी फीडर क्षेत्र के ग्राम प्रधान दर्जनों लोगों के साथ उपकेंद्र पहुंचे और जम कर हंगामा किया। अंत में अधिशासी अभियंता द्वारा मोबाइल पर आश्वासन देने के बाद उपभोक्ता वापस लौटे।
आक्रोशित ग्राम प्रधानों का कहना है कि हमारे साथ लंबे समय से आपूर्ति के मामले में सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। अब हम इसे बर्दाश्त नहीं करने वाले हैं। गर्मी के मौसम में दो दिन पूर्व आई आंधी-पानी के बीच सभी फीडर क्षेत्र को कमोवेश आपूर्ति दी जा रही है, लेकिन हमारे फीडर क्षेत्र को आपूर्ति नही दी जा रही है। जिससे बरईपार बाबू, फुलवरिया, रुस्तम बहियारी, बांसी, शंकरपुरा , खोरहवा, चनुकी समेत दर्जनों गांवों के लोग विद्युत कटौती से परेशान हैं। ग्राम प्रधानों ने शीघ्र आपूर्ति बहाल न होने पर मार्ग जाम कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
बरईपार बाबू के ग्राम प्रधान कृष्ण बिहारी कुशवाहा के नेतृत्व में पहुंचे ग्राम प्रधान बच्चा यादव, वृजेश कुमार गुप्ता, सतीश पाठक, रवींद्र नाथ तिवारी, ओम प्रकाश सिंह, रामायण यादव, विवेक गुप्ता, शैलेंद्र प्रसाद, सुबाष यादव, अनिल सिंह, राजेंद्र कुशवाहा, भगवती द्विवेदी, राम वृक्ष प्रसाद, रमेश गुप्ता तथा कुलेश मिश्र आदि मौजूद रहे।