प्रभारी के सामने सपाइयों ने निकाली भड़ास
जागरण संवाददाता, देवरिया : लोकसभा चुनाव के बाद सपा मुखिया के निर्देश पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच
जागरण संवाददाता, देवरिया : लोकसभा चुनाव के बाद सपा मुखिया के निर्देश पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे प्रभारी लल्लन राय के सामने कार्यकर्ताओं ने जमकर भड़ास निकाली। चुनाव के दौरान भीतरघात करने वाले लोगों के नाम भी दर्ज कराए। प्रभारी ने सभी कार्यकर्ताओं की बात सुनी। भटनी में तो दो खेमे ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया।
लोकसभा चुनाव के बाद सपा मुखिया मुलायम सिंह व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हर जिले में गद्दारों की सूची तैयार करने व कार्यकर्ताओं की शिकायत सुनने के लिए प्रभारी नियुक्त किया है। बुधवार को प्रभारी लल्लन राय सलेमपुर के सिंचाई विभाग के डाकबंगला पहुंचे और पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और फिर एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। इस दौरान पूर्व सांसद हरिवंश सहाय, विधायक मनबोध प्रसाद, पूर्व विधायक सुरेश यादव, स्वामीनाथ यादव, भीम सिंह, सूरज यादव, ओपी यादव, अमरेश सिंह पिंटू, सदानंद कुशवाहा, श्यामदेव यादव, बेचूलाल चौधरी, जैनुल अख्तर मौजूद रहे। सपा जिलाध्यक्ष भी मौजूद रहे। एक-एक कर कार्यकर्ताओं की उन्होंने शिकायत सुनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं है। कुछ पार्टी कार्यकर्ता भी दूसरे दल के समर्थन में रहे। आखिर क्यों वह रुठे हैं? उनकी समस्या सुनी जाएगी और सपा मुखिया के सामने रखा जाएगा। 2017 का चुनाव पार्टी मजबूती से लड़ेगी। इसके बाद वह भटनी के सुभाष इंटर कालेज पहुंचे। यहां उन्होंने साढ़े तीन सौ के करीब लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पूर्व सांसद बालेश्वर यादव, विधायक गजाला लारी, स्वामीनाथ यादव, बाबूलाल यादव, विजय गुप्त, बजरंग बहादुर सिंह, उमेश नारायण शाही, लालमन यादव, इस्माइल अंसारी, सपा जिलाध्यक्ष रामइकबाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
जमकर हुई नारेबाजी
भटनी में गुटबाजी सातवें आसमान पर दिखी। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रभारी के सामने ही प्रदर्शन किया। एक खेमे के लोग सपा जिलाध्यक्ष को ही बदलने की मांग कर रहे थे, तो एक खेमे के लोग गजाला लारी को मंत्री बनाने की मांग कर रहे थे। हर बार प्रभारी लोगों को शांत कराते हुए नजर आए।