आधुनिक विधि से बढ़ेगी कृषि उत्पादकता : डीएम
देवरिया : शासन के निर्देश पर कृषि विभाग ने शनिवार को देवरिया क्लब में रबी उत्पादकता गोष्ठी एवं किसा
देवरिया : शासन के निर्देश पर कृषि विभाग ने शनिवार को देवरिया क्लब में रबी उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेले का आयोजन किया। मेले का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी कैप्टन आलोक शेखर तिवारी ने फीता काटकर किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टालों का अवलोकन भी किया।
गोष्ठी के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह ने कहा कि कृषक अपनी सोच को प्रगतिशील बनाएं तथा खेती में उन्नतशील बीज व संतुलित उर्वरक का प्रयोग करें। इससे रबी की उत्पादकता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि खाद व बीज सुगमता से उपलब्ध कराने में कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।
सीडीओ श्री तिवारी ने कहा कि गोष्ठी का उद्देश्य किसानों में जागरूकता लाना है। किसानों को ऐसी तकनीक अपनानी होगी, जिससे आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके। साथ ही उन्होंने मृदा परीक्षण कराने पर बल दिया। उपनिदेशक कृषि अशोक तिवारी ने संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल पर बल दिया। उन्होंने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, आत्मा योजना आदि पर प्रकाश डाला। जिला कृषि अधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि गेहूं के लक्ष्य की बुवाई एक लाख 56 हजार हेक्टेयर निर्धारित है। प्रति हेक्टेयर 35 क्विंटल उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.पीके सिंह ने पशुओं से संबंधित योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। जादूगर राकेश श्रीवास्तव ने अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया।
इस दौरान डा.पंकज सिंह, लालजी मौर्या, विजेंद्र भारती, दिनेश त्रिपाठी, शैलेश सिंह, संजय सिंह, संतोष सिंह, दिग्विजय सिंह, रामाज्ञा कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।