अभियान में कूदे नपा सफाईकर्मी
देवरिया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो अक्टूबर को जिस मिशन को पूरे देश में चलाया था, उसका असर शु
देवरिया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो अक्टूबर को जिस मिशन को पूरे देश में चलाया था, उसका असर शुक्रवार को नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों पर दिखा। कर्मचारियों ने जहां वार्डो की सफाई की वहीं मुख्य सड़कों पर कूड़े का ढेर भी लगा रहा।
शहर के वार्ड नंबर 14 राघव नगर के सभासद सत्य प्रकाश सिंह उर्फ पिंटू के नेतृत्व में नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने वार्ड की सफाई की। सफाई के बाद कर्मियों ने कूड़े को जलाया। यह देख अगल-बगल के लोगों के मन में भी सफाई के प्रति उत्सुकता देखी गई। उधर सीसी रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने कूड़े का ढेर पड़ा रहा। जबकि न्यू कालोनी स्थित गुरुद्वारे के पीछे सुअरों का झुंड विचरण करते रहे, लेकिन इसके जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। सेंट्रल चौकी के समीप भी कूड़ा बिखरा रहा। गोरखपुर रोड स्थित ओवरब्रिज के समीप बने नाले पर कूड़े का अंबार लगा हुआ है, जिसको लेकर सभासद और सफाईकर्मी एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। आखिर शहरवासियों को गंदगी व कूड़े से कौन राहत दिलाएगा। यह लोगों के मन में सवाल कौंधने लगा है।
- कूड़ा और कचरा चिह्नित स्थान पर एकत्र तो होता है, लेकिन नपा कूड़े को हटाने में तत्परता नहीं दिखाती है, जिससे गंदगी और कचरा सड़क पर बिखरा पड़ा रहता है। सार्वजनिक एजेंसी के तौर पर हमें भी कार्य करना होगा। साथ ही कचरे को नपा प्रशासन समय से हटवाने की व्यवस्था करें।
-भोलानाथ सिंह कुशवाहा
अधिवक्ता
- सफाई हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है, जिस तरह हर व्यक्ति अपने घर में सफाई करता है। ठीक उसी तरह से बाहर भी निश्चित स्थान पर ही कूड़े को डालें। ताकि कचरा फैलने से रोका जा सके। यह भी संभव है जब अपने अंदर बदलाव आएगा। तभी पीएम का मिशन सफल हो सकेगा।
-लोकनाथ पांडेय
अधिवक्ता
-
- सफाई के लिए नगर पालिका को दोष देना ठीक नहीं है। इसके लिए हम सभी को अपनी सोच बदलनी होगी। घर का कूड़ा एकत्र कर नपा द्वारा चिह्नित स्थानों पर ही डालें। कूड़ा दो तरह के होते हैं नान बायोलाजिकल हास्पिटल तथा प्लास्टिक के कूड़े शामिल है। इसके निस्तारण की भी सरकार को व्यवस्था करनी होगी।
-डा.रणधीर कुमार सिंह
चिकित्सक