इनसे सफाई को न कहें, खफा हो जाएंगे
देवरिया : एक तरफ पूरा देश स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान को गति देने में जुटा है तो दूसरी ओर देवरिय
देवरिया : एक तरफ पूरा देश स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान को गति देने में जुटा है तो दूसरी ओर देवरिया नगर पालिका को शहर में गंदगी की खबरें अखबारों में छपना अखर रहा है। शायद यही वजह है कि गुरुवार को नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सफाई अभियान को गति देने पर चर्चा करने की बजाय एक सभासद ने शहर की गंदगी को अखबारों में प्रकाशित करने को नगर पालिका की छवि खराब करने की कोशिश बताते हुए निंदा प्रस्ताव रखा और तमाम सदस्यों ने उसे सर्वसम्मति से पारित भी कर दिया।
दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र व्यापी स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी। मंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं अधिकारियों ने अपने क्षेत्र में झाड़ू लगाकर क्षेत्र में सफाई अभियान का शुभारंभ किया। सरकारी विभागों के प्रमुखों ने भी कार्यालय में झाड़ू लगाया। इस अभियान को जन अभियान बनाने को लेकर समाचार पत्रों ने खबरों का प्रकाशन शुरू किया। दैनिक जागरण ने एक तरफ गंदगी से भरे क्षेत्रों की समस्या उठाकर जिम्मेदारों का ध्यान खींचा तो दूसरी ओर सफाई के लिए समर्पित लोगों पर स्टोरी प्रकाशित कर आम जन को गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित किया। इसी के तहत देवरिया शहर में विभिन्न स्थलों पर पड़े कूड़े की फोटो सहित खबरों का प्रकाशन शुरू हुआ। इस अभियान में आम शहरी भी आगे आए। स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने साफ सफाई का बीड़ा उठाया। नगर पालिका ने भी अनेक मोहल्लों में सफाई कराई। सफाई कर्मी भी काम में तेजी लाते दिखे। इसके बावजूद शहर के तमाम मुहल्लों में ऐसे स्थल हैं, जहां कूड़ा नियमित बिखरा रहता है। अपने क्षेत्र में गंदगी ऐसी तस्वीरों का प्रकाशित होना एक सभासद को इतना बुरा लगा कि उन्होंने बकायदा बोर्ड की बैठक में निंदा प्रस्ताव रख दिया। ये सभासद हैं वार्ड संख्या 22 के गौहर अली सिद्दीकी, जिन्होंने कहा कि अखबार में निराधार खबरें प्रकाशित कर नगर पालिक की छवि धूमिल करने का कार्य किया जा रहा है। कूड़ा ड्रमों में एकत्र कूड़े की खबर सड़कों पर फैली गंदगी के रूप में प्रकाशित करने पर चर्चा करते हुए मीडिया के इस कृत्य पर दु:ख व खिन्नता प्रकट करते हुए निंदा प्रस्ताव रखा, जिसे अन्य सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
दिखाइए, कहां है कूड़ा ड्रम:
बोर्ड की बैठक में सभासद द्वारा ड्रम में कूड़ा रखने की बात कहे जाने के बारे में जब अधिशासी अधिकारी राधेश्याम कुशवाहा से पूछा गया कि शहर में कितने कूड़ा ड्रम रखे गए हैं, तो उनका जवाब था कि शहर में अभी कूड़ा ड्रम रखने की बात चल रही है।