पुल मरम्मत को लेकर दिया धरना
देवरिया: देवरिया-बलिया को जोड़ने वाले भागलपुर पुल के बेयरिंग में आई खराबी से बड़े वाहनों के चलने पर रोक लगा दिया गया है। साथ ही छह माह गुजरने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है। जिसके चलते मंगलवार को लोग आक्रोशित हो गए और पुल पर धरना दिए। विधायक मनबोध प्रसाद को लोगों ने लोक निर्माण मंत्री को संबोधित पत्रक सौंपा।
देवरिया-बलिया की यात्रा सुगम करने के लिए भागलपुर में घाघरा नदी पर पुल का निर्माण कराया गया। पुल के एक पाया की बेयरिंग में खराबी आ गई है। छह माह पूर्व लखनऊ से आई टीम ने इसकी जांच की और बड़े वाहनों के पुल से संचलन पर रोक लगाने का आदेश जारी किया। छह माह से पुल पर बड़े वाहनों के संचलन पर रोक लगा दी गई है। जिसके चलते लोगों को परेशानी हो रही है, लेकिन अब तक निर्माण नहीं शुरू हो सका है। इसे लेकर लोगों ने पुल पर धरना दिया। धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पुल में खराबी आने से लोग परेशान हैं। साथ ही अब तक काम भी चालू नहीं किया गया है, जबकि कुछ पुलिस कर्मी लोगों से वाहन ले जाने पर पैसे की वसूली कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि जल्द पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
धरना को पूर्व विधायक स्वामीनाथ भाई, सुधाकर गुप्त, भाग्योदय पांडेय, सतीश जायसवाल, अरविंद पांडेय, श्रीराम यादव, अनिल यादव, चंद्रदेव यादव, अनिल जायसवाल, डा.कामेश्वर नाथ, शंभू जायसवाल, रोशन यादव, रामप्रकाश यादव ने भी संबोधित किया।