एंबुलेंस का इंतजार,टैंपो में जना बच्चा
देवरिया : शासन द्वारा गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने व ले आने के लिए 102 दो नंबर एंबुलेंस की सुविधा दी गई है, लेकिन कर्मचारियों की लापरवाही के चलते लोगों को समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसका उदाहरण गुरुवार को देखने को मिला। प्रसव पीड़ा से तड़पती महिला एक घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करती रही। जब एंबुलेंस नहीं पहुंचा, तो लोग गर्भवती को टेंपो में लेकर अस्पताल के लिए चले। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ओवरब्रिज पर ही महिला ने टेंपो में बच्चे को जन्म दे दिया। जच्चा-बच्चा दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की स्थिति सामान्य है।
सलेमपुर विकास खंड के ग्राम अहिरौली निवासी रुबिना पत्नी मुजाहिर गर्भवती थीं। गुरुवार की सुबह उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो परिजनों ने आशा सुशीला देवी को बुलाया। इसके बाद आशा कार्यकर्ता 102 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस मांगने लगी। करीब एक घंटे में तीन बार फोन मिलाया, लेकिन हर बार जल्द एंबुलेंस उपलब्ध हो जाने की सूचना मिलती रही। जब रुबिना को तेज दर्द हुआ तो परिजन परेशान हो गए और टेंपो बुलाकर सीएचसी के लिए चल पड़े। टेंपो सलेमपुर ओवरब्रिज पर ही पहुंचा था कि रुबिना ने एक बच्ची को जन्म दिया। वहां से परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। अधीक्षक ने बताया कि जच्चा-बच्चा की स्थिति सामान्य है।