आशा कार्यकर्ताओं का अस्पताल पर प्रदर्शन
देवरिया : राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मानदेय व राज्य कर्मचारी जल्द न घोषित किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी को आशा कार्यकर्ताओं ने मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा।
इस दौरान सभा को संबोधित करती आशा कार्यकर्ता संघ की नेता सुमन देवी ने कहा कि हम एएनएम की तरह कार्य करते हैं, उनसे ज्यादे मेहनत करने के साथ ही हर जच्चा-बच्चा की देखभाल भी जिम्मेदारी है, लेकिन हम लोगों को न तो मानदेय दिया जा रहा है और न ही राज्य कर्मचारी ही बनाया जा रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार सौतेला व्यवहार कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रसव व टीकाकरण का जो पैसा भी आ रहा है, उसको भी अधिकारी डकार जा रहे हैं। शिकायत करने के बाद भी इसकी जांच नहीं हो रही है। सभा को रीता तिवारी, पूनम शर्मा, सुनीता देवी, सीमा देवी, आशा मिश्रा, छाया रानी, पुष्पा देवी, सीता देवी, सीमा मिश्रा, आशा देवी, द्रौपती देवी आदि ने संबोधित किया।