थ्रेसर गिरने से किसान की मौत
जागरण संवाददाता, देवरिया : गौरीबाजार थाना क्षेत्र में रविवार को थ्रेसर उपर गिरने से एक किसान की मौत को गई। मृतक के पिता की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा। अधेड़ की असामयिक मौत से उसके परिजनों के बीच कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक पांडा गांव के टोला सिरसिया निवासी रामउग्रह यादव (58) पुत्र जियावन किसान था। खुद का ट्रैक्टर व थ्रेसर लेकर गेहूं की निराई के लिए रवाना हुआ। बताया जाता है कि रामउग्रह खेत के करीब पहुंचा था कि थ्रेसर अचानक उसके उपर गिर गया। उसकी चीख सुन ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो अधेड़ की मौत हो चुकी थी। इसकी जानकारी होते ही परिजन विलाप करने लगे। मृतक के पिता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पलक झपकते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतक दो पुत्रियों व एक पुत्र का पिता है। पिता की असमय मौत ने विनोद व उसकी बड़ी बहन प्रियंका को हिलाकर रख दिया है। वह मां भानमती के साथ दहाड़ें मारकर रो रहे हैं।