शोभा यात्रा के साथ साई व राधाकृष्ण मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा
जागरण संवाददाता, देवरिया:
लार विकास खंड के ग्राम बरडीहा परशुराम के मंगरइचा में शुक्रवार को भव्य शोभा यात्रा के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच साई बाबा व राधाकृष्ण मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सुबह से ही मंदिर परिसर में लोग एकत्र होने लगे। यहां से गाजे-बाजे के साथ शोभा यात्रा निकली। यात्रा में आगे हाथी, घोड़े, उसके पीछे सुंदर सजी साई बाबा की झांकी व श्रद्धालु चल रहे थे। शोभा यात्रा भैंसही, पिपराडीह, बरडीहा दलपत, बरडीहा परशुराम होते मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य हितेश प्रकाश मिश्र द्वारा मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम शुरू किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान धर्मेद्र कुमार सिंह, डा.वंदना सिंह, पूनम मणि, रितेश पांडेय आदि उपस्थित रहे।