विदाई न कराने को लेकर मारपीट, दो घायल
जागरण संवाददाता,देवरिया: मदनपुर थाना क्षेत्र के करायल शुक्ल में आई बरात में रविवार की सुबह दुल्हन की विदाई न कराने को लेकर बराती व घराती में मारपीट हो गई। घटना में दो लोग घायल हो गए। ग्रामीणों व पुलिस के हस्तक्षेप से तीन घंटे चली पंचायत में वर पक्ष के लोग राजी हुए और दुल्हन की विदाई हुई।
जानकारी के अनुसार करायल शुक्ल निवासी एक व्यक्ति के घर मईल थाना क्षेत्र के ग्राम तेलिया कला से शनिवार की रात बरात आई थी। खुशनुमा माहौल में निकाह पढ़ा गया। रविवार की सुबह नाश्ता करने के बाद वर पक्ष के लोग अचानक कहने लगे लड़की सुंदर नहीं है। हम विदाई नहीं कराएंगे। इस बात को लेकर दोनों पक्ष में कहासुनी के दौरान मारपीट हो गई, जिसमें घराती पक्ष से नौशाद खान व फिरोज खां घायल हो गए। उधर घटना की जानकारी होने पर मुकामी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद तीन घंटे तक चली पंचायत के बाद वर पक्ष के लोग राजी हुए और दुल्हन की विदाई हुई।