जागो रे मतदाता, जागो रे सखियां-सहेलियां
जागरण संवाददाता, देवरिया : चुनाव आयोग द्वारा मतदाता जागरुकता के लिए नियुक्त ब्रांड एंबेसडर लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने बुधवार को जीआइसी देवरिया के मैदान में गीतों के माध्यम से मतदाताओं को जागरुक किया। इस दौरान लोगों को मतदान के लिए शपथ भी दिलाई गई। श्रीमती अवस्थी ने जागो रे मतदाता, जागो रे सखियां-सहेलियां गीत के माध्यम से मतदान के लिए लोगों का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मणि प्रसाद मिश्र ने की।
मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु सुनियोजित मतदाता शिक्षा एवं निर्भिक सहभागिता के लिए लोक गायिका श्रीमती अवस्थी ने जब मंच संभाला तो पंडाल तालियों से गूंज उठा। उन्होंने बड़के लोग के गोड़ लागी और छोटकन के राम-राम के बाद जागो रे जागो मतदाता, मोरे सखियां-सहेलिया, जागो रे मोरीे बहिनी भौजी गीत प्रस्तुत किया। मंच से नीचे उतरकर भीड़ के बीच उन्होंने लोगों से मतदान से संबंधित सवाल भी पूछे। कहा कि वोटर एक दिन का राजा होता है, इस धारणा को झुठलाते हुए पांच साल का राजा बनिए। लोकतंत्र इस देश की शान है इसलिए पढ़े-लिखे लोग इस जिम्मेदारी से न भागें। अपने विवेक से मत डालने का आह्वान करते हुए कहा कि मुफ्त की कोई चीज न लें। जो जनता की सच्ची सेवा करने आएगा। वह उपहार क्यों देगा। देवरिया की चीनी मिलें बंद हैं। आपके क्षेत्र में विकास करे उसे वोट दे।
उन्होंने गीत के दौरान ही मतदाताओं से कहा कि जिस तरह होली, दीपावली ईद, मुहर्रम मनाते हैं, उसी प्रकार इस पर्व को भी मनाएं। इस बार शाम छह बजे तक मतदान होगा। इस दौरान महिला डिग्री कालेज, प्रेस्टिज ट्यूटोरियल, कलिंद बिहार स्कूल के छात्र-छात्राओं सहित आम जनता उपस्थित रही। संचालन मंजू पांडेय ने किया।