पीड़ितों ने लगाई कप्तान से गुहार
जागरण संवाददाता, देवरिया : भूमि विवाद में गंभीर रूप से घायल खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरौली निवासी पीड़ित बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान मुकामी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
एसपी को सौंपे पत्र में दुर्गावती देवी पत्नी परशुराम कुशवाहा ने कहा कि चार अप्रैल को भूमि पर कब्जे की नियत से गांव के दबंगों ने आग लगाई। मना करने पर वह घर में घुस गए। महिला के पति व पुत्र द्वारा प्रतिरोध करने पर धारदार हथियार से उन पर हमला किया गया। ग्रामीणों के बीच बचाव के बाद परिजनों की जान बची। इसके बाद भी गंभीर रूप से घायल उसके पति व पुत्र का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। घटना के बाबत मुकामी पुलिस को तहरीर दी गई। पांच दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़िता ने आरोपियों पर केस दर्ज करने की मांग की है।