ठंड से पांच की मौत, दो छात्राएं बीमार
चित्रकूट, जागरण संवाददाता : कड़ाके की ठंड ने बीते 24 घंटे में पांच लोगों की जान ले ली जबकि दो छात्राए
चित्रकूट, जागरण संवाददाता : कड़ाके की ठंड ने बीते 24 घंटे में पांच लोगों की जान ले ली जबकि दो छात्राएं गंभीर रूप से बीमार हो गई। छात्राओं को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
तीन दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा दिख रहा है। बताया गया है कि रविवार की शाम को ननका देवी (55) पत्नी स्व. शिवपाल सिंह यादव निवासी इटवां तहसील मऊ पैदल घर जा रही थी। अचानक पेट व सीने में तेज दर्द होने पर बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी। राहगीरों ने उसे निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। उसके पुत्र छेदीलाल ने बताया कि मां की मौत ठंड लगने से हुई है। सूचना पर सोमवार को पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। उधर, राजापुर कस्बे में भी एक वृद्ध की ठंड लगने से मौत हुई। बताया गया है कि रविवार की रात्रि को बिंदा प्रसाद (70) पुत्र भैंरो प्रसाद निवासी पश्चिम नाका राजापुर अचानक बेहोश हो गए। इलाहाबाद ले जाते समय उनकी मौत हो गई। उनके पुत्र ने बताया कि पिता की मौत ठंड से होने की पुष्टि निजी चिकित्सक ने की है।
इसके अलावा सोमवार की सुबह कक्षा आठ की छात्रा लक्ष्मी पुत्री छविलाल निवासी अरवारा मानिकपुर को ठंड लगने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रिफर किया गया। इसी क्रम में हाईस्कूल की छात्रा विनीता पुत्री श्यामलाल निवासी जयदेवदास अखाड़ा तरौंहा ठंड लगने से बेहोश हो गई। परिजनों ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। डा. विष्णु गुप्ता ने बताया कि दोनों छात्राएं ठंड से प्रभावित हुई। जिनकी हालत अब सामान्य है।
मानिकपुर संवाद सहयोगी के अनुसार भीषण ठंड व कोहरे से इलाके में 24 घंटे के अंदर तीन लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि पुराना मानिकपुर निवासी दादूलाल पांडेय (45) पुत्र रामकिशोर व सुभाष नगर निवासी लीला पांडेय (40) पत्नी दिनेश कुमार पांडेय के अलावा बराहमाफी गांव के कलुटवा कोल (70) ठंड की चपेट में आने से मौत हो गई। परिवारीजनों के अनुसार दादूलाल मानिकपुर बस स्टैंड से दुकान बंद करके घर जा रहे थे। तभी रास्ते में अचानक ठंड लग गई। वहीं लीला देवी के परिवारीजनों के अनुसार घर में स्नान करने के बाद ठंड लगी। जिसके चलते उनकी मौत हो गई। इसके अलावा कलुटवा कोल घर के बाहर आग ताप रहा था। तभी ठंड लग गई और उसकी मौत हो गई।
उधर, एसडीएम सीपी उपाध्याय ने बताया कि क्षेत्र में ठंड से मौत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।