सतीश समेत 10 आरोपी जेल भेजे
बुलंदशहर : एलएम ज्वैलर्स डकैती कांड के आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
अदालत ने सतीश की रिमांड अर्जी पर बहस के लिए 22 सितंबर की तारीख तय कर दी है। वहीं चर्चित मामले के आरोपियों के अदालत में पेश होने के मद्देनजर शनिवार को पुलिस ने कचहरी को छावनी में तब्दील कर दिया था। यह संयोग ही था कि शनिवार को अदालत में एलएम ज्वैलर्स डकैती कांड के आरोपी और वारदात का मास्टरमाइंड हल्द्वानी जेल में बंद सतीश एक साथ पेश हुए। शुक्रवार को पुलिस ने डकैती में शामिल चार बदमाशों के साथ-साथ सतीश के भाई और पिता को भी गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को पुलिस ने रवि और सतीश की पत्नियों अंजलि व वरनमाला को भी गिरफ्तार कर लिया। साथ ही सोना खरीदने वाले बदायूं के कूचापाड़ा निवासी सर्राफ दीपांक को भी दबोच लिया गया। सभी नौ आरोपियों को लेकर पुलिस टीम सुबह करीब 11 बजे अदालत पहुंची। इसके मद्देनजर अदालत परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया था। आशंका थी कि अदालत में पेश करने के दौरान वकील उन पर हमला कर सकते हैं। सभी को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान अदालत परिसर में भी बड़ी संख्या में वकील और तमाशबीन मौजूद थे। कुछ ही देर बाद उत्तराखंड पुलिस भी सतीश को लेकर अदालत पहुंच गयी। जब तक अन्य आरोपियों की सुनवाई हुई तब तक सतीश को उत्तराखंड पुलिस के वाहन में ही कैद रखा गया।
सीजेएम मीता सिंह ने सुनवाई करते हुए डकैती कांड में गिरफ्तार किए गए सभी नौ आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए। इसके बाद सीजेएम कोर्ट में ही सतीश को पेश किया गया। विवेचक ने सतीश को सात दिन की रिमांड पर लेने की याचिका अदालत के सामने पेश की। जिरह के बाद अदालत ने सतीश की रिमांड याचिका पर सुनवाई के लिए 22 सितम्बर की तारीख नियत कर दी। पुलिस की ओर से सरकारी वकील आरपी शर्मा और रवि की ओर से एडवोकेट चौ. महेंद्र सिंह ने जिरह की।