खुलासे में देरी पर भड़के वकील
बुलंदशहर: एलएम ज्वैलर्स के शोरूम डकैती कांड में पुलिस की सुस्त रफ्तार को लेकर गुरुवार को वकीलों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वकीलों ने जहां एसएसपी दफ्तर पर उग्र होकर प्रदर्शन किया, वहीं शुक्रवार को भी हड़ताल पर रहने का फैसला किया है। पुलिस की ओर से अगर कोई ग्रीन सिग्नल नहीं दिखाया गया तो वकील शनिवार को अगली रणनीति तय करेंगे।
डकैती कांड के खुलासे में देरी को लेकर गुरुवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसो. और सिविल बार एसो. की संयुक्त बैठक बार हॉल में हुई। दो दिन पहले हुई बैठक में वकीलों ने जहां सर्वसम्मति से बुलंदशहर पुलिस को कुछ समय देने की दलील दी थी, वहीं गुरुवार को बार हॉल का नजारा बदला हुआ नजर आया। अधिकांश वकील पुलिस के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार करने का ऐलान कर रहे थे। यहां तक की कुछ वक्ताओं ने दोनों बार एसो. के पदाधिकारियों को भी कटघरे में खड़ा करते हुए पुलिस की ईट से ईट बजा देने की दलीलें दी।
अधिवक्ताओं के आक्रामक रूख को भांपते हुए डिस्ट्रिक्ट बार एसो. के महासचिव मनोज कुमार शर्मा ने आक्रामक तेवर दिखाए। जल्द ही सैकड़ों वकीलों का जत्था एसएसपी दफ्तर पहुंचा और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। वकीलों की शिकायत सुनने के लिए खुद एसएसपी कार्यालय से बाहर निकले लेकिन वकील एसएसपी से बिना वार्ता किये हुए बाहर निकल गये। इसके बाद वकील जुलूस की शक्ल में एसएसपी दफ्तर से कलक्ट्रेट होते हुए पुन: बार हॉल पहुंचे।
बार महासचिव ने बताया कि वकीलों का गुस्सा देखते हुए शुक्रवार को पुन: हड़ताल रखी गयी है। शनिवार को बैठक होगी जिसके बाद अगली रणनीति तय की जायेगी।
इस मौके पर जिला बार के अध्यक्ष गजराज सिंह वर्मा, सिविल बार के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुप्ता महासचिव शीलेंद्र कुमार, पूर्व अध्यक्ष भूप सिंह भाटी, गजेंद्र रघुवंशी, पूर्व महासचिव यतेंद्र पाल सिंह तोमर, महेश सोलंकी, संजय शर्मा, एडीजीसी वीरपाल सिंह, संजय शर्मा, प्रदीप वत्स, गवेन्द्र सिंह, हेमंत सिंह, धर्मपाल सिंह और योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।