तीज महोत्सव पर कैटवॉक और डांस ने समां बांधा
सिकंदराबाद, बुलंदशहर : तीज महोत्सव का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सिकंदराबाद के काका गर्ल्स कालेज, शहीद भगत सिंह कालेज में तीज महोत्सव के दौरान टीचरों ने डांस की प्रस्तुति कर समां बांध दिया।
काका गर्ल्स कालेज में बुधवार को हरियाली तीज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुभारंभ कालेज के निदेशक डा. आनंद सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि तीज का पर्व सौहार्द का पर्व है। महिलाएं इस पर्व में एकजुट होकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सम्मिलित होती हैं। वहीं प्रेमभाव का संचार भी उनके मध्य स्थापित होता है। समन्वयक गीता शेखावत ने कार्यक्रम में म्यूजिकल, कैटवॉक, डांस, झूला और मेंहदी आदि प्रतियोगिताओं का महिला प्रवक्ताओं के मध्य आयोजन कराया। कार्यक्रम में सृष्टि पंडित, ज्योति शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, सुनीता, प्रीति यादव मौजूद रहे। शहीद भगत सिंह कालेज में तीज महोत्सव का उद्घाटन चेयरमैन अजय और शिक्षा निदेशक विजय कुमार ने संयुक्त रूप से किया। चेयरमैन अजय कुमार ने कहा कि तीज का पर्व भगवान शिव और पार्वती को समर्पित किया जाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ईश्वर यह पर्व सभी के जीवन में हरियाली तीज की तरह जिंदगी में खुशहाली के रंग भरेगा।