अवैध वसूली और मारपीट से भड़के रिक्शाचालक, हंगामा
बुलंदशहर : पालिका का एक ठेकेदार गुंडागर्दी पर उतारू है। उसने शहर में जगह-जगह अपने गुर्गे छोड़ रखे हैं, जो बैटरी रिक्शाचालकों से जबरदस्ती दोहरी वसूली ही नहीं कर रहे हैं, विरोध पर हाथ छोड़ने तक की हिमाकत कर रहे हैं। बुधवार को ऐसी ही एक घटना पर आक्रोशित रिक्शाचालकों ने नगरपालिका के सामने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया।
तकनीकी रूप से शासन से तहबाजारी भले खत्म हो गई हो, लेकिन उसका स्वरूप अभी भी कायम है। टैंपो, रेहड़ी, रिक्शा-तांगा आदि स्टैंड का ठेका लेकर ठेकेदार ने इनके चालकों को 'लूटना' शुरू दिया है। शहर में जगह-जगह अपने गुर्गे छोड़ रखे हैं, जो मनमाने तरीके से रसीद काटकर उत्पीड़न कर रहे हैं। बुधवार को बैटरी रिक्शाचालक रिजवान नुमाइश फाटक की तरफ सवारी लेकर गया था। वहां ठेकेदार के आदमियों ने 20 रुपये की लाल रंग की रसीद काटी। इसके बाद जब वह डीएवी तिराहे की तरफ गया तो कुछ युवक वहां भी पीली रसीद लेकर खड़े थे। उन्होंने रिजवान से रसीद कटवाने को कहा। उसके यह कहने पर कि वह रसीद कटवा चुका है, ठेकेदार के गुर्गे रिजवान से गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद मारपीट भी की।
इससे आक्रोशित होकर रिजवान अन्य साथी चालकों के साथ एकजुट होकर नगरपालिका पहुंचा। यहां पालिका के सामने उन्होंने बैटरीचालित रिक्शे खड़े कर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। दोनों तरफ जाम लग गया। पालिका कर्मचारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनका गुस्सा शांत नहीं हो रहा था। एसएसपी से शिकायत की बात कहकर वे चले गए। प्रदर्शनकारियों में फुरकान, अलीमुद्दीन, सूरज, भूरा, राशिद, नासिर, कय्यूम, फरहान, विजयपाल, सोनू आदि शामिल थे।