पैरों में छाले, जुबां पर बम-बम भोले
नजीबाबाद : कंधे पर कांवड़ और पैरों में छाले, लेकिन शिवभक्तों की जुबां से निकल रहा बम-बम भोले। मन में
नजीबाबाद : कंधे पर कांवड़ और पैरों में छाले, लेकिन शिवभक्तों की जुबां से निकल रहा बम-बम भोले। मन में एक ही इच्छा है, अपने आराध्य भगवान आशुतोष को प्रसन्न करना, इसलिए बिना किसी थकान के शिवभक्त शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि मार्ग खस्ताहाल होने से शिवभक्त व्यथित भी हैं।
श्रावण मास के कांवड़ मेले में अनेक प्रकार के रंग दिखाई दे रहे हैं। बुजुर्ग हो या महिलाएं या फिर बच्चे हर कोई इस समय भोले बाबा की शरण में है। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण पूरी तरह से शिवमय बना हुआ है। बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत एवं शाहजहांपुर समेत विभिन्न जनपदों के शिवभक्त मोटामहादेव-भागूवाला बाइपास और देहरादून-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग से अपने गंतव्य को कूच कर रहे हैं। कंधे पर कांवड़ लिए शिवभक्तों का गुजरना श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। अपने आराध्य महादेव को प्रसन्न करने की इच्छा लिए निकले शिवभक्तों के पैरों में चलते-चलते छाले पड़ गए हैं, लेकिन जुबां से बम-बम भोले निकल रहा है। शिवभक्त जलाभिषेक करने के लिए लगातार शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। हालांकि मोटामहादेव-भागूवालामार्ग खस्ताहाल होने एवं देहरादून-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से शिवभक्त व्यथित हैं। पीलीभीत निवासी मोनीमहंत, विमल, सोनी, रामप्रकाश, रवि, सुरेश एवं रमेश आदि का कहना है कि वे कई वर्षों से कांवड़ ला रहे हैं। मार्गों के खस्ताहाल होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है।
-कांवड़ में देशभक्ति के रंग
नजीबाबाद शहर से गुजर रहे कुछ शिवभक्त अपनी कांवड़ में तिरंगा झंडा लगाकर चल रहे हैं। वहीं कुछ कांवड़ियों की देशभक्ति कांवड़ भी श्रद्धालुओं का आकर्षित कर रही है। मंदिर रूपी कांवड़ भी श्रद्धालुओं का मनमोह रही है। शिवभक्त बम-बम भोले के साथ भारत माता का जयघोष कर रहे हैं।