पेराई शुरू न होने पर फूटा रालोद का गुस्सा
बिजनौर : पेराई शुरू नहीं होने के विरोध में रालोद के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बिजनौर शु
बिजनौर : पेराई शुरू नहीं होने के विरोध में रालोद के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बिजनौर शुगर मिल गेट पर प्रदर्शन कर धरना दिया। आंदोलित पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक मिल अपना पेराई सत्र शुरू नहीं करेगी, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
रालोद व युवा रालोद के बैनर तले अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता गुरुवार तीन बजे चड्ढा ग्रुप की बिजनौर शुगर मिल पहुंचे। पदाधिकारियों ने मिल अफसरों से पेराई शुरू होने के बारे में जानकारी ली। मिल अधिकारी पेराई सत्र शुरू होने के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। मिल अफसरों की नीयत में खोट के विरोध में रालोद पदाधिकारियों ने नारेबाजी की और मिल गेट पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह, वेस्ट यूपी प्रवक्ता एडवोकेट प्रवीण देशवाल ने कहा कि बिजनौर ही नहीं, प्रदेश में किसान बेहाल हैं। सरकार किसानों की पीड़ा सुनने की जगह मिल मालिकों को सुविधा मुहैय्या करा रही है। यहीं वजह है कि मिलें अपना पेराई सत्र शुरू नहीं कर रही हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी व राहुल सिंह ने कहा कि प्रदेश और केन्द्र सरकार दोनों किसान विरोधी हैं।
धरने पर मुनिदेव शर्मा, युवा जिलाध्यक्ष विकास राजपूत, आशु राणा, पवन राजपूत, विजय चौहान, भोले, संजीव चौधरी व नागेन्द्र पंवार आदि रहे।
किसानों में बढ़ रहा है आक्रोश
चड्ढा गु्रप के प्रतिष्ठानों पर तालाबंदी के बाद 18 दिसंबर को बिजनौर मिल चलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन गुरुवार को मशीनरी खराब होने के कारण पेराई शुरू नहीं हो सकी। इससे किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। किसान राजनीति के जानकारों का मानना है कि जल्द मिल न चलने पर आक्रोशित किसानों को समझा पाना मिल प्रबन्धन के साथ-साथ प्रशासन के लिए चुनौती हो सकता है।