छेड़छाड़ के विरोध में फायरिंग, एक घायल
हीमपुरदीपा (चांदपुर): गांव के ही कुछ युवकों ने शुक्रवार को युवती से छेड़छाड़ कर दी। इसके विरोध में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई। इसमें गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी की पुत्री दूसरे गांव में स्थित स्कूल में पढ़ाती है। शुक्रवार को वह छुट्टी के बाद स्कूल से लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही चार युवकों ने उससे छेड़छाड़ कर दी। इसकी सूचना युवती ने परिजनों को दी। परिजन युवकों के घर पहुंचे तो विवाद खड़ा हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। दोनों पक्षों के बीच लोगों ने समझौते का प्रयास किया, पर बात नहीं बनी। नौबत तनाव की आ गई। देखते ही देखते युवती पक्ष की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। फायरिंग में एक पक्ष का कपिल घायल हो गया। उसके हाथ में गोली लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंच गई। उसके बाद मामला शांत हुआ। घायल कपिल को अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी श्याम सिंह नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।