धान की कटाई में जुटे किसान
ज्ञानपुर (भदोही) : मौसम की ओर से मिली दगाबाजी के बाद भी किसानों की हाड़तोड़ मेहनत के बाद अंतत: खरीफ अभ
ज्ञानपुर (भदोही) : मौसम की ओर से मिली दगाबाजी के बाद भी किसानों की हाड़तोड़ मेहनत के बाद अंतत: खरीफ अभियान की प्रमुख फसल धान तैयार होने लगी है। तमाम स्थानों पर फसल की कटाई का काम शुरू हो चुका है। इसी के साथ फसल के रूप में मिंट्टी से निकला सोना अब घर पहुंचेगा।
खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान की इस बार रोपाई शुरू होने के साथ ही मौसम का मिजाज बिगड़ गया था। सूखे की मार से तमाम किसानों की फसल बर्बादी की भेंट चढ़ गई। हालांकि जहां सिंचाई के साधन थे किसानों ने अथक मेहनत व खर्च कर उसे बचाने की कोशिश की। अंतत: फसल तैयार होने लगी है। जहां धान की बालियां पकती जा रही है किसान मय परिवार कटाई में जुट चुके हैं जिससे खेतों में चहल-पहल दिखाई पड़ने लगी है।
किसानों का मानना है कि अब जब तमाम झंझावतों से जूझते हुए फसल तैयार हुई है तो जरा भी देर किए जाने पर यदि फिर मौसम का मिजाज बिगड़ा तो उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। बहरहाल किसान पूरे जी जान से तैयार हो चुकी फसल को घर लाने में जुट चुके हैं।