विधानसभा चुनाव में जीत पर भाजपाजनों में जश्न
ज्ञानपुर (भदोही) : महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत को लेकर भाजपाजनों में जश्न
ज्ञानपुर (भदोही) : महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली भारी जीत को लेकर भाजपाजनों में जश्न का माहौल रहा। कार्यकर्ता पूरे जिले में जगह-जगह आतिशबाजी की। एक दूसरे को मिठाई खिला खुशी का इजहार किया। वक्ताओं ने कहा कि विपक्ष इस बात को माने या न माने लेकिन यह सौ फीसद सही है कि अभी भी पूरे देश में प्रधानमंत्री मोदी की लहर है।
जिलाध्यक्ष संतोष पांडेय के नेतृत्व में दुर्गागंज त्रिमुहानी पर पटाखा फोड़ कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया। इसके पूर्व पार्टी कार्यालय पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि देश का सर्वागीण विकास भाजपा ही करा सकती है। कहा कि मोदी के नेतृत्व में ही देश की जनता का विश्वास है। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में आए नतीजे इस बात को साबित कर रहे हैं कि पूरे देश की जनता मोदी के विकास पर विश्वास कर रही है।
भाजपा कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश को भी फतह करने के लिए अभी से कमर कस लें। इसी तरह भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी भी बैंड-बाजा के साथ जुलूस निकाल कर खुशी का इजहार किये। इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ता गोपीगंज, पाली, औराई, जंगीगंज, ऊंज, चौरी, सीतामढ़ी, कोइरौना आदि स्थानों पर आतिशबाजी कर विधान सभा में हुई जीत पर मिठाई बांटी। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों के अलावा भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भाजपाजनों ने जताई खुशी
जंगीगंज (भदोही): स्थानीय बाजार में भाजपाजनों की बैठक पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई जिसमें महाराष्ट्र व हरियाणा में मिली जीत पर खुशी जताई गई। श्री मिश्र ने कहा कि जीत से यह साबित हो गया कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों को पसंद कर रहा है। महज चंद दिन के कार्यकाल का नतीजा सामने आया है। बैठक में धर्मेश मौर्य, संजय सिंह बऊ व अन्य थे।