किसानों ने किया अधिशासी अभियंता का घेराव
भदोही: नहर में पानी छोड़ने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं व किसानों ने सोमवार को 13वें दिन अधिशासी अभियंता का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों में नोक-झोंक भी हो गई।
कार्यकर्ताओं के चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान उस समय नोंक झोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई जब अधिशासी अभियंता के पहुंचते ही लोगों ने उनके वाहन के सामने जमा होकर घेराव कर दिया। इस दौरान आंदोलनकारी वाहन के आगे बैठ कर नारेबाजी करने लगे। इसके कारण थोड़ी देर के लिए अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान आंदोलनकारियों व अधिशासी अभियंता में नोंक झोंक भी हुई। वक्ताओं ने कहा कि विभाग के उच्चाधिकारी किसानों की समस्या को सुनने की बजाय ऊंची पहुंच बताकर धौंस जमाते हैं। कहा कि दुख की बात तो यह है कि 13 दिन बाद भी कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि उनकी पीड़ा सुनने नहीं आया। कार्यकर्ताओं ने सहायक अभियंता व अधिशासी अभियंता को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। इस मौके पर इंद्रदेव पाल, आशाराम बिंद, मुरली पाल, रमापति यादव, भानसिंह मौर्य, मुन्नर पाल, राजकुमार बिंद, रामचद्रं पटेल, बेचूराम बिंद, ज्ञानप्रकाश, श्रीनाथ यादव, भगवंता तथा अवधेश प्रकाश बिंद व अन्य थे।
कांग्रेसजनों ने किया समर्थन
सोमवार को कांग्रेसजनों ने प्रदर्शन में भागीदारी कर किसानों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि जिस तरह प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि किसान समस्याओं की उपेक्षा कर रहे हैं वह चिंता का विषय है। प्रदर्शन में भागीदारी करने वालों में सुरेश उपाध्याय, खालिद अंसारी, बदरे आलम, मूसा अंसारी, चंद्रशेखर व अन्य थे।