तीज आज, बाजार रहे गुलजार
ज्ञानपुर (भदोही) : तीज को लेकर जिले में उत्साह का आलम है। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इसे लेकर खासकर महिलाएं उत्सुक हैं तो दुकानदार भी तैयार थे। बाजार की रौनक इस त्योहार को लेकर बढ़ चुकी थी। पूरे दिन प्रमुख बाजारों में चहल-पहल रही। खरीदारों की भीड़ से दुकानदार भी उत्साहित थे।
पति की दीर्घायु की कामना के लिए सुहागिन महिलाएं तीज की व्रत रहती हैं। अधिकतर महिलाएं पूरे दिन पानी तक नहीं पीती हैं। इतना ही नहीं सुबह सोलह श्रृंगार कर पूजन-अर्चन के साथ पति की सलामती की दुआ मांगती हैं। शाम को पर्व के महात्म से जुड़ी कहानियां सुनती और सुनाती हैं। खास बात यह कि इस दिन महिलाएं अपने पतियों का नाम भी लेती हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से पति की आयु बढ़ती है।
पति की होती है लंबी उम्र
पति की लंबी उम्र के लिए यह व्रत बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन महिलाएं दिनभर बिना कुछ खाए पीए रहती हैं। महिलाओं को थूक भी निगलने की आजादी नहीं होती है। महिलाएं सोलह श्रृंगार कर विधिविधान से मां गौरी का पूजन-अर्चन करती हैं। दिनभर के निर्जला व्रत के बाद समूह में होकर किस्से कहानियां भी महिलाएं कहती हैं। कुछ महिलाएं गूंगी स्नान भी करती हैं।