बर्बादी की कहानी लिख रहा नगर का पानी
खमरिया (भदोही): कालीन औद्योगिक नगर खमरिया के विभिन्न मुहल्लों के निकलने वाला गंदा पानी किसानों के बर्बादी की कहानी लिख रहा है। खेतों के मुहाने पर ले जाकर छोड़ी गई पानी निकासी नालियों से जलमग्न हो रही फसल पर संकट खड़ा हो चुका है। बर्बाद होती फसल को देख किसानों की आंखों से आंसू निकल रहे है तो उनकी फरियाद सुनने वाला कोई दिखाई नहीं पड़ रहा है।
खमरिया नगर में जल निकासी को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बताते चलें कि नगर से निकले गंदे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियों व नालों को नगर के बाहर ले जाकर छोड़ दिया जाता है। ऐसी दशा में नगर से प्रत्येक दिन निकल रहा हजारों लीटर गंदा पानी किसानों के खेतों में भर जाता है। पानी जमा हो जाने से जहां किसान समय से बोआई नहीं कर पाते हैं वहीं खड़ी फसल भी बर्बाद हो जाती है। वार्ड संख्या 13 में ही देखा जाय तो वार्ड से निकली अधिकांश नालियों को नगर के बाहर स्थित खेतों के पास ले जाकर छोड़ दिया गया है। इसके चलते सारा पानी खेतों में ही जाकर फै ल रहा है। किसानों का कहना है कि बार-बार की गुहार के बाद भी किसी के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।