कांवरियों का जत्था प्रयाग रवाना
गोपीगंज (भदोही): सावन माह में तेरस के मद्देनजर आस्था की उमंग बयार बनकर राजमार्ग को सुगंधित कर रही है। कांवरियों का जत्था हर-हर महादेव के जयकारे लगाते प्रयाग की तरफ बढ़ चला है।
सावन माह में तेरस पर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के उद्देश्य से निकले कांवरियों का प्रयाग जाने का सिलसिला तेज हो गया है। राजमार्ग पर हर तरफ बोलबम का उद्घोष करते कांवरिये वाहनों से प्रयाग की ओर रवाना हुए। सोमवार को नगर व जनपद के अन्य क्षेत्रों से समूह के रूप में कांवरियों का पहुंचने का सिलसिला दिन भर जारी रहा। नगर की ओर आने वाले हर सड़क व गलियों में कांवरियों का जत्था ही नजर आता रहा। सावन माह में तेरस पर गुरुवार को जलाभिषेक करने के लिए नगर से आज बड़ी संख्या में कांवरिये वाहनों से प्रयाग के लिए रवाना हुए। बोलबम का उद्घोष करते कांवरिये समूह के साथ नगर पहुंचे उनके जयकारे से नगर क्षेत्र गुंजायमान रहा।